महम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का भव्य स्वागत, हजारों कार्यकर्ताओं ने दिखाया संगठनात्मक एकजुटता का दम!

 महम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का भव्य स्वागत, हजारों कार्यकर्ताओं ने दिखाया संगठनात्मक एकजुटता का दम!

दिनेश कुमार गौड़

महम। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के सम्मान में स्वतंत्रता सेनानी बद्री प्रसाद कला कम्युनिटी सेंटर, महम में आयोजित स्वागत एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं, महिलाओं और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूलमंत्र के साथ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास कार्यों में किसी प्रकार का राजनीतिक भेदभाव नहीं करती। विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का विधायक हो या न हो, सरकार सभी क्षेत्रों में समान प्राथमिकता के साथ विकास कार्य करा रही है।

उन्होंने कहा कि महम विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। क्षेत्र के कई गांवों को जलभराव एवं बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए लगभग 38 करोड़ रुपये की परियोजना पर कार्य चल रहा है। वहीं पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब 81 करोड़ रुपये की पाइपलाइन परियोजना तथा स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज प्रोजेक्ट पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग दस वर्षों में महम विधानसभा क्षेत्र में करीब 1500 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वह पूरी निष्ठा, समर्पण और कार्यकर्ताओं के सहयोग से करेंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

भाजपा में गुटबाजी की चर्चाओं को जांगड़ा ने बताया निराधार

पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने अपने संबोधन में सोशल मीडिया पर भाजपा में कथित गुटबाजी को लेकर चल रही चर्चाओं को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा एवं नेतृत्व के प्रति समर्पित है।

उन्होंने कहा कि “भाजपा में केवल एक ही गुट है-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी का और प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता जी का।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को सर्वोपरि मानते हुए एकजुट होकर राष्ट्र और समाज की सेवा करने का आह्वान किया।

जांगड़ा ने कहा कि महम क्षेत्र की जनता ने हमेशा भाजपा और उसके नेतृत्व के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया है। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में मिले जनसमर्थन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रदेशाध्यक्ष बनने के अवसर पर हुए भव्य स्वागत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज डॉ. अर्चना गुप्ता के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि महम में भाजपा का संगठन मजबूत और कार्यकर्ता पूरी तरह एकजुट हैं।

कार्यकर्ताओं के उत्साह ने बनाया सम्मेलन को यादगार

स्वागत समारोह में हजारों पुरुषों और महिलाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य रूप प्रदान किया। सभागार में कार्यकर्ताओं का उत्साह, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण देखते ही बन रहा था। प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

कार्यकर्ता सम्मेलन ने जहां भाजपा की संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन किया, वहीं महम क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं और आगामी राजनीतिक दिशा का भी स्पष्ट संदेश दिया।http://Politicaltrust.in