ईआईएल की ‘प्रोजेक्ट शक्ति’ से महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भर बनने का नया अवसर
नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी इंजीनियरिंग परामर्श कंपनी इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (ईआईएल) ने अपनी प्रमुख कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल ‘प्रोजेक्ट शक्ति’ के तहत महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस पहल के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित महिला कौशल प्रशिक्षण केंद्र में सिलाई एवं कढ़ाई संबंधी आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।

कौशल प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन ईआईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अतुल गुप्ता ने किया। इस अवसर पर निदेशक (वित्त) संजय जिंदल तथा निदेशक (मानव संसाधन) आर.के. सिंह भी उपस्थित रहे।
इस प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 300 आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को सिलाई, कढ़ाई (एम्ब्रॉयडरी) और परिधान फिनिशिंग का व्यावहारिक एवं व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को आधुनिक सिलाई एवं एम्ब्रॉयडरी मशीनों पर हाथों-हाथ अभ्यास कराया जाएगा, ताकि वे उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित कर सकें।

प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे, जिससे उनकी विश्वसनीयता बढ़ेगी और उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
ईआईएल की ‘प्रोजेक्ट शक्ति’ महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सम्मानजनक आजीविका से जोड़ने की दिशा में कंपनी की सामाजिक प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित करती है।http://Politicaltrust.in
