गंगा के दोनों किनारों को जोड़ने वाली निःशुल्क फेरी सेवा शुरू, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन

 गंगा के दोनों किनारों को जोड़ने वाली निःशुल्क फेरी सेवा शुरू, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन

पटना- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दानापुर के नासरीगंज घाट से पानापुर घाट के बीच निःशुल्क स्टीमर (फेरी) सेवा का शुभारंभ कर दियारा क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर सेवा की शुरुआत की और कहा कि इस पहल से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

यह निःशुल्क फेरी सेवा दानापुर दियारा क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायतों के 66 हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ पहुंचाएगी। विशेष रूप से मानसून के दौरान, जब गंगा पर पीपा पुल हट जाता है, तब यह सेवा लोगों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि फेरी सेवा से किसानों, सब्जी-फल एवं दुग्ध उत्पादकों-विक्रेताओं को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे स्थानीय व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

इस सेवा का लाभ दियारा क्षेत्र के 58 विद्यालयों के 553 शिक्षक एवं कर्मी, 95 आंगनबाड़ी केंद्रों की 190 सेविका-सहायिकाएं, 3 स्वास्थ्य उपकेंद्रों के कर्मचारी तथा पंचायत कार्यालयों में कार्यरत कर्मियों को भी मिलेगा। जल परिवहन का यह विकल्प गंगा के दोनों किनारों के लोगों के लिए आवागमन को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगा।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधान पार्षद अनामिका सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।http://Politicaltrust.in