सेशेल्स में एनबीसीसी का बड़ा अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट: 1008 किफायती आवासीय इकाइयों के निर्माण का समझौता
नई दिल्ली- आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के अधीन नवरत्न सीपीएसई एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने अपनी वैश्विक उपस्थिति को और मजबूत करते हुए सेशेल्स गणराज्य सरकार के साथ ऑरोर द्वीप (Île Aurore) पर 1008 किफायती आवासीय इकाइयों के निर्माण के लिए एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस परियोजना में आधुनिक आवासीय इकाइयों के साथ आवश्यक बुनियादी ढांचे का भी विकास किया जाएगा।
यह समझौता सेशेल्स के उपराष्ट्रपति महामहिम सेबेस्टियन पिल्लै तथा एनबीसीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. के. पी. महादेवास्वामी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। समझौते पर सेशेल्स सरकार के भूमि, आवासन एवं अवसंरचना विभाग के राज्य सचिव जोसेफ फ्रांस्वा और एनबीसीसी के कार्यपालक निदेशक (इंजी.) प्रदीप शर्मा ने औपचारिक हस्ताक्षर किए।
परियोजना का उद्देश्य सेशेल्स में किफायती आवास उपलब्ध कराना, शहरी जीवन-स्तर में सुधार करना और सतत शहरी विकास को बढ़ावा देना है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए भारत के निर्यात-आयात बैंक (एक्ज़िम बैंक) द्वारा 75 मिलियन अमेरिकी डॉलर की ऋण सहायता प्रदान की जाएगी।
परियोजना के अंतर्गत 1008 आवासीय इकाइयों के साथ-साथ सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) सहित सभी आवश्यक अवसंरचना सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा, जिससे ऑरोर द्वीप पर आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल सामुदायिक जीवन सुनिश्चित किया जा सके।
एनबीसीसी ने कहा कि यह समझौता कंपनी के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय पोर्टफोलियो में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह परियोजना बड़े पैमाने पर आवास एवं अवसंरचना विकास में एनबीसीसी की विशेषज्ञता को प्रदर्शित करने के साथ-साथ विदेशों में गुणवत्तापूर्ण अवसंरचना उपलब्ध कराकर भारत की विकास साझेदारी को भी और मजबूत करेगी।
