श्री अमरनाथ यात्रा 2026: ‘रेल वन ऐप’ से होगी आसान और डिजिटल रेल यात्रा, जम्मू मंडल की श्रद्धालुओं से अपील

 श्री अमरनाथ यात्रा 2026: ‘रेल वन ऐप’ से होगी आसान और डिजिटल रेल यात्रा, जम्मू मंडल की श्रद्धालुओं से अपील

Political Trust Magazine

जम्मू– श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने अपनी रेल यात्रा को अधिक सुविधाजनक और समयबद्ध बनाने के लिए “रेल वन ऐप” का उपयोग करने की अपील की है। रेलवे ने कहा है कि ऐप के माध्यम से यात्री बिना टिकट काउंटर की लंबी कतार में लगे आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं और अपना बहुमूल्य समय बचा सकते हैं।
रेलवे के अनुसार, “रेल वन ऐप” के जरिए यात्री 24×7 घर बैठे जनरल टिकट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा PNR स्टेटस, ट्रेन की लाइव लोकेशन, प्लेटफॉर्म की जानकारी, भोजन बुकिंग तथा अन्य कई महत्वपूर्ण सुविधाएं एक ही ऐप पर उपलब्ध हैं। टिकट बुकिंग की प्रक्रिया तेज और सरल होने के साथ यात्रा के दौरान ऐप में लॉगिन कर दिखाया गया मूल डिजिटल टिकट ही मान्य होगा। स्क्रीनशॉट या टिकट की फोटो स्वीकार नहीं की जाएगी।
जम्मू मंडल ने सभी यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपने मोबाइल में Rail One App डाउनलोड करने तथा ऐप के “Plan My Journey” सेक्शन के माध्यम से रूट और ट्रेनों की जानकारी लेकर अपनी यात्रा की योजना बनाने का अनुरोध किया है। किसी भी प्रकार की अतिरिक्त जानकारी के लिए यात्री रेल मदद 139 पर संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू उचित सिंघल ने कहा कि श्री अमरनाथ जी यात्रा आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है तथा उत्तर रेलवे का प्रयास है कि हर श्रद्धालु को अधिकतम सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि ‘रेल वन ऐप’ डिजिटल और कागजरहित यात्रा को बढ़ावा देने के साथ यात्रियों को भीड़-भाड़ से बचाकर सुरक्षित और आरामदायक सफर सुनिश्चित करता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से ऐप का अधिकाधिक उपयोग करने और डिजिटल टिकटिंग का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल यात्रियों की सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।