एचपीसीएल ने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की गुणवत्ता निगरानी की मजबूत व्यवस्था, 3,651 निरीक्षणों में नहीं मिली कोई अनियमितता
Political Trust Magazine
मुंबई- हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने देशभर में अपने रिटेल आउटलेट्स पर इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक निगरानी अभियान चलाया। इस अभियान के तहत कुल 3,651 निरीक्षण किए गए, जिनमें ईंधन की गुणवत्ता से जुड़ी किसी भी प्रकार की अनियमितता, मिलावट या गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन का कोई मामला सामने नहीं आया।
एचपीसीएल के अनुसार, 7 से 13 जुलाई 2026 के बीच कंपनी के फील्ड अधिकारियों ने देशभर के 2,173 रिटेल आउटलेट्स पर आकस्मिक निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया कि पेट्रोल में निर्धारित मानकों के अनुरूप इथेनॉल मिश्रण किया गया है। इसके अलावा, 3 से 13 जुलाई के दौरान नियमित गुणवत्ता निगरानी कार्यक्रम के तहत 1,385 फील्ड निरीक्षण भी किए गए।
गुणवत्ता निगरानी को और सुदृढ़ बनाने के लिए एचपीसीएल के गुणवत्ता आश्वासन (एंटी-एडल्टरेशन) प्रकोष्ठ ने 93 अतिरिक्त आकस्मिक निरीक्षण किए। साथ ही, कंपनी की मोबाइल प्रयोगशालाओं के माध्यम से 49 ईंधन नमूनों की भी जांच की गई।
कंपनी ने बताया कि पूरे निगरानी अभियान के दौरान ईंधन में मिलावट, संदूषण अथवा किसी भी प्रकार की गंभीर अनियमितता का कोई मामला सामने नहीं आया। एचपीसीएल नियमित फील्ड निरीक्षण, आकस्मिक जांच, प्रयोगशाला परीक्षण और निरंतर निगरानी जैसी बहु-स्तरीय गुणवत्ता आश्वासन प्रणाली के माध्यम से यह सुनिश्चित करता है कि उसके सभी रिटेल आउटलेट्स पर ग्राहकों को सुरक्षित, विश्वसनीय और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ईंधन उपलब्ध कराया जाए।http://Politicaltrust.in
