उत्तर प्रदेश में सड़क अवसंरचना को नई रफ्तार, केंद्र-राज्य ने तय किया विकास का रोडमैप
लखनऊ– मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश की राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क अवसंरचना परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा करते हुए राज्य में विश्वस्तरीय सड़क संपर्क विकसित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के साझा संकल्प को दोहराया। बैठक में सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और समयबद्ध परियोजना क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2014 के बाद प्रदेश में 10,204 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का आवंटन किया गया है, जिनमें से 9,329 किलोमीटर का निर्माण पूरा हो चुका है। राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर अब तक लगभग 1.94 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सड़क नेटवर्क प्रदेश में निवेश, उद्योग, कृषि, पर्यटन, व्यापार और रोजगार को नई गति प्रदान करेगा तथा उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नितिन गडकरी ने निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण, वन स्वीकृति और अन्य औपचारिकताओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सड़क निर्माण के साथ-साथ दुर्घटनाओं में कमी लाने, सुरक्षित अभिकल्प और ब्लैक स्पॉट सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। गडकरी ने यह भी कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चलेंगे तथा वृक्षों की कटाई के बजाय आधुनिक तकनीक से उनका प्रत्यारोपण किया जाएगा।
बैठक में अयोध्या रिंग रोड, जेवर एयरपोर्ट संपर्क मार्ग, सोनौली-गोरखपुर परियोजना, रामवन गमन मार्ग, राम जानकी मार्ग और 84 कोसी परिक्रमा मार्ग सहित अनेक प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। दोनों नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि समन्वित प्रयासों से सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी होंगी और उत्तर प्रदेश सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनेगा।http://Politicaltrust.in
