लगातार तीसरे वर्ष ETHRWorld Thought Leaders 2026 में सम्मानित हुए GAIL के निदेशक (HR) आयुष गुप्ता
नई दिल्ली। गेल (इंडिया) लिमिटेड के निदेशक (मानव संसाधन) आयुष गुप्ता को लगातार तीसरे वर्ष ETHRWorld Thought Leaders 2026 में सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन नेताओं को दिया जाता है, जो दूरदर्शी नेतृत्व, नवाचार और कर्मचारी-केंद्रित रणनीतियों के माध्यम से कार्यस्थल के भविष्य को नई दिशा दे रहे हैं।
गेल ने बताया कि आयुष गुप्ता के नेतृत्व में कंपनी ने मानव संसाधन क्षेत्र में कई परिवर्तनकारी पहलें शुरू की हैं, जिनसे कर्मचारियों की भागीदारी, क्षमता विकास और संगठनात्मक उत्कृष्टता को नई मजबूती मिली है।
इन पहलों में GAIL Abha (गेल कर्मचारियों के जीवनसाथियों के लिए उद्यमिता कार्यक्रम), AI Tarang (संगठन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रति जागरूकता और उसके उपयोग को बढ़ावा देने की पहल), Spandan (कर्मचारियों के कल्याण और समग्र सहभागिता को प्रोत्साहित करने वाला कार्यक्रम) तथा Manthan (नवाचार एवं सुझाव योजना) प्रमुख हैं। इसके अलावा डिजिटल लर्निंग, नेतृत्व विकास और प्रतिभा प्रबंधन पर विशेष ध्यान देकर कंपनी भविष्य के लिए तैयार, समावेशी और उच्च प्रदर्शन करने वाले कार्यबल के निर्माण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
34 वर्षों से अधिक के पेशेवर अनुभव वाले आयुष गुप्ता ने गेल में नवाचार, निरंतर सीखने और उत्कृष्ट मानव संसाधन संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी अगुवाई में कंपनी की मानव संसाधन रणनीति को सतत विकास और राष्ट्र निर्माण के व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप आगे बढ़ाया गया है।
गेल के अनुसार, यह सम्मान आयुष गुप्ता के उत्कृष्ट नेतृत्व का प्रमाण है और प्रतिभा के विकास, कर्मचारियों को सशक्त बनाने तथा सभी हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने के प्रति कंपनी की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
