दिल्ली में बनेगा नया आंध्र प्रदेश भवन, NBCC ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ किया 105.5 करोड़ रुपये का समझौता

 दिल्ली में बनेगा नया आंध्र प्रदेश भवन, NBCC ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ किया 105.5 करोड़ रुपये का समझौता

नई दिल्ली: नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ नई दिल्ली में नए आंध्र प्रदेश भवन के निर्माण के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस परियोजना की अनुमानित लागत 105.5 करोड़ रुपये (जीएसटी और पीएमसी शुल्क को छोड़कर) है। परियोजना का निर्माण टर्नकी डिपॉजिट वर्क के आधार पर किया जाएगा।
समझौते पर आंध्र प्रदेश भवन के रेजिडेंट कमिश्नर प्रवीण कुमार (IAS) और एनबीसीसी के मुख्य महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग) अनिल कुमार ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एनबीसीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) डॉ. के.पी. महादेवस्वामी, आंध्र प्रदेश भवन के विशेष आयुक्त अर्जा श्रीकांत तथा एनबीसीसी के निदेशक (वाणिज्य) डॉ. सुमन कुमार भी उपस्थित रहे।
प्रस्तावित आंध्र प्रदेश भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल लगभग 2.49 लाख वर्ग फुट होगा। इस परियोजना में एनबीसीसी वास्तु अवधारणा तैयार करने, विस्तृत संरचनात्मक डिजाइन, टेंडर प्रक्रिया, अनुबंध प्रबंधन और निर्माण कार्य सहित पूरे प्रोजेक्ट का निष्पादन करेगी।
दोनों पक्षों ने यह भी सहमति जताई है कि भवन के निर्माण के बाद उसके कम-से-कम पांच वर्षों के वार्षिक रखरखाव के लिए एनबीसीसी या उसकी किसी सहायक कंपनी को जिम्मेदारी सौंपने हेतु अलग से एक और एमओयू किया जाएगा।
एनबीसीसी ने कहा कि नया आंध्र प्रदेश भवन आधुनिक प्रशासन और अत्याधुनिक वास्तुकला का प्रतीक होगा तथा राष्ट्रीय राजधानी में आंध्र प्रदेश सरकार की उपस्थिति को और सशक्त बनाएगा। कंपनी ने परियोजना को उच्च गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।http://Politicaltrust.in