नितिन नबीन का कांग्रेस-BRS पर तीखा हमला, बोले- ‘विकसित भारत, विकसित तेलंगाना’ भाजपा का संकल्प
Political Trust Magazine
हैदराबाद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को तेलंगाना के औशापुर में आयोजित भाजपा की राज्य कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (BRS) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य “विकसित भारत, विकसित तेलंगाना” के संकल्प को साकार करना है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सुशासन, पारदर्शिता और विकास का नया मॉडल स्थापित किया है तथा अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया है।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार चुनाव के दौरान किए गए वादों और गारंटियों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद पर आधारित रही है। वहीं, BRS सरकार पर भी भ्रष्टाचार और परिवारवाद का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कालेश्वरम परियोजना जैसे मामले उसकी कार्यशैली को उजागर करते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल कांग्रेस सरकार की विफलताओं को मुद्दा बनाकर चुनाव नहीं लड़ेगी, बल्कि मोदी सरकार की उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे तेलंगाना के लाखों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने निजामाबाद हल्दी बोर्ड, बिबीनगर एम्स, एकलव्य विद्यालय और जनजातीय विश्वविद्यालय जैसी परियोजनाओं का भी जिक्र किया।
आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म के आधार पर आरक्षण का विरोध करती है। उन्होंने कहा कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो धर्म आधारित आरक्षण समाप्त कर उसका लाभ अनुसूचित जाति (SC), पिछड़ा वर्ग (BC) और अनुसूचित जनजाति (ST) को दिया जाएगा।
अपने संबोधन के अंत में भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह देश के अन्य राज्यों में भाजपा की सरकार बनी है, उसी तरह तेलंगाना में भी भाजपा सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि तेलंगाना को विकास के नए दौर में ले जाना है।
