हिमाचल की तीन जलविद्युत परियोजनाओं से बिजली आपूर्ति के लिए एसजेवीएन ने GUVNL के साथ किए पीपीए
Political Trust Magazine
नई दिल्ली/वडोदरा: एसजेवीएन लिमिटेड ने हिमाचल प्रदेश की अपनी तीन आगामी जलविद्युत परियोजनाओं से बिजली आपूर्ति के लिए गुजरात ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (GUVNL) के साथ विद्युत खरीद समझौते (Power Purchase Agreements – PPAs) पर हस्ताक्षर किए हैं।
एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने बताया कि ये समझौते 66 मेगावाट धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना, 210 मेगावाट लूहरी स्टेज-I जलविद्युत परियोजना तथा 382 मेगावाट सुन्नी डैम जलविद्युत परियोजना से बिजली के लिए किए गए हैं।

समझौतों पर आज गुजरात के वडोदरा में एसजेवीएन की ओर से महाप्रबंधक (वाणिज्य एवं बिक्री) अमन कटोच तथा जीयूवीएनएल की ओर से महाप्रबंधक (वाणिज्य) संजय माथुर ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि ये समझौते देश की प्रमुख विद्युत उपयोगिता कंपनियों के साथ एसजेवीएन के दीर्घकालिक बिजली बिक्री पोर्टफोलियो को और मजबूत करेंगे। साथ ही, भारत के स्वच्छ, हरित और अधिक सुदृढ़ ऊर्जा भविष्य की दिशा में एसजेवीएन की महत्वपूर्ण भूमिका को भी मजबूती प्रदान करेंगे।
