विधायक सतीश उपाध्याय ने दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला
Political Trust Magazine
नई दिल्ली। दिल्ली के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधायक सतीश उपाध्याय ने दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में विधायक अजय महावर एवं मनोज शौकीन तथा दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के सदस्य राजेश गोयल ने दिल्ली जल बोर्ड के सदस्य के रूप में शपथ ली।
कार्यभार ग्रहण एवं शपथ ग्रहण समारोह में सांसद बाँसुरी स्वराज, दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. सज्जन सिंह यादव, सदस्य (वित्त) अमन गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवनियुक्त उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय तथा अन्य सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दिल्ली जल बोर्ड को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
