बांग्लादेश में लोहे की छड़ों से लदा ट्रक पलट जाने से 15 की मौत

 बांग्लादेश में लोहे की छड़ों से लदा ट्रक पलट जाने से 15 की मौत
Political Trust Magazine 
ढाका। बांग्लादेश में सोमवार तड़के एक प्रमुख राजमार्ग पर लोहे की छड़ों से लदा एक ट्रक पलट जाने से 15 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ, जब लोग ईद-उल-अजहा की 10 दिवसीय छुट्टियों के लिए अपने गृहनगरों की ओर जा रहे थे। स्थानीय अग्निशमन केंद्र के प्रभारी अताउर रहमान ने संवाददाताओं को बताया कि यह दुर्घटना जमुना पुल के पूर्वी हिस्से में हुई, जो बांग्लादेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से को मध्य भाग से जोड़ता है। उन्होंने यह भी बताया कि घायलों को आसपास के इलाकों के लोगों की मदद से स्थानीय स्वास्थ्य सुविधा केंद्र में ले जाया गया। स्थानीय पुलिस के अनुसार, ट्रक में लोहे की छड़ों के साथ-साथ कुछ यात्री भी सवार थे। चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण ट्रक तांगइल के कलिहाटी उप-जिले में पलट गया। तांगइल की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फौजिया हबीब खान ने बताया कि ट्रक चट्टोग्राम के दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह शहर से उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र की ओर जा रहा था। यह संभव है कि ईद की भीड़ के कारण पीड़ित रास्ते में अलग-अलग जगहों से ट्रक में सवार हुए हों।