सैन डिएगो के इस्लामिक सेंटर के बाहर अंधाधुंध गोलीबारी, छात्रों में भारी दहशत

 सैन डिएगो के इस्लामिक सेंटर के बाहर अंधाधुंध गोलीबारी, छात्रों में भारी दहशत
सैन डिएगो। अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य से एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां के सैन डिएगो स्थित एक बड़े इस्लामिक सेंटर (मस्जिद परिसर) के बाहर दो बंदूकधारियों ने दिनदहाड़े अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस भीषण हमले में मस्जिद के एक सुरक्षाकर्मी (सिक्योरिटी गार्ड) सहित तीन निर्दोष लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी की इस अचानक हुई घटना से मस्जिद परिसर के भीतर मौजूद नमाजियों और पढ़ रहे छात्रों के बीच भारी दहशत फैल गई और वहां चीख-पुकार मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों संदिग्ध हमलावरों ने खुद को भी गोली मारकर उड़ा लिया। सैन डिएगो काउंटी पुलिस और जांच एजेंसियों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह खूनी खेल दोपहर के वक्त खेला गया, जब मस्जिद परिसर में काफी चहल-पहल थी। चश्मदीदों के अनुसार, अचानक हुई फायरिंग से हर तरफ अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में अमेरिकी पुलिस बल और स्वात टीमों ने पूरे परिसर को घेर लिया। पुलिस ने जब आसपास के इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, तो मस्जिद के पास की ही एक सड़क पर खड़ी संदिग्ध गाड़ी के अंदर से दो किशोरों के शव बरामद हुए। जांचकर्ताओं के अनुसार, मृतकों की उम्र 17 और 19 साल है। पुलिस का दृढ़ विश्वास है कि मस्जिद के बाहर खूनी तांडव मचाने के बाद इन दोनों संदिग्धों ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।सैन डिएगो काउंटी के इस सबसे बड़े और प्रमुख इस्लामी केंद्र को निशाना बनाए जाने के बाद स्थानीय मुस्लिम समुदाय में गहरा आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। अमेरिकी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे आत्मघाती हमले की जांच ‘हेट क्राइम’ (नफरत से प्रेरित अपराध) के तौर पर कर रही हैं। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों किशोर बंदूकधारी नस्लीय या धार्मिक रंजिश और कट्टरता से प्रेरित थे, जिसके चलते उन्होंने इस पवित्र स्थल को निशाना बनाया। पुलिस प्रशासन ने हमलावरों की गाड़ी से आधुनिक हथियार और कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद किए हैं, जिनकी गहनता से फोरेंसिक और डिजिटल जांच की जा रही है ताकि उनके वास्तविक आकाओं या समूहों का पता लगाया जा सके। फिलहाल, एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।