नगर पालिका भर्ती घोटाले की जांच ईडी के हवाले, पूर्व चेयरमैन से पूछताछ

 नगर पालिका भर्ती घोटाले की जांच ईडी के हवाले, पूर्व चेयरमैन से पूछताछ
कोलकाता। बंगाल में नगर पालिका भर्ती घोटाले की जांच लगातार गहराती जा रही है। पूर्व अग्निशमन मंत्री सुजीत बोस की गिरफ्तारी के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दक्षिण दमदम नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन पंचू रॉय से पूछताछ शुरू की है। सोमवार को पंचू रॉय कोलकाता के साल्ट लेक स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे कथित कैश फॉर म्यूनिसिपल जॉब्स घोटाले को लेकर सवाल-जवाब किए गए। सूत्रों के मुताबिक ईडी अधिकारी उनसे पूर्व मंत्री सुजीत बोस के साथ आमने-सामने बैठाकर भी पूछताछ कर सकते हैं।पिछले सप्ताह ईडी ने लंबी पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद पूर्व मंत्री सुजीत बोस को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों का दावा है कि दक्षिण दमदम नगरपालिका में भर्ती प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं। सूत्रों के अनुसार, जांच में ऐसे सबूत मिले हैं जिनसे संकेत मिलता है कि कथित तौर पर पैसों के बदले करीब 150 उम्मीदवारों की नियुक्ति की सिफारिश की गई थी।नगर पालिका भर्ती घोटाले की जांच कर रही सीबीआई की चार्जशीट में भी पंचू रॉय का नाम सामने आया था। यह दूसरी बार है जब उन्हें ईडी के सामने पेश होना पड़ा है। इससे पहले पूछताछ के दौरान पंचू रॉय ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया था। उन्होंने दावा किया था कि उन्हें केवल परेशान करने के उद्देश्य से समन भेजा गया है और उनका किसी अवैध भर्ती या भ्रष्टाचार से कोई संबंध नहीं है।
स्कूल भर्ती घोटाले से खुला मामला
बताया जा रहा है कि ईडी को इस नगर पालिका भर्ती घोटाले की जानकारी तब मिली जब एजेंसी स्कूल भर्ती घोटाले और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीएमसी से जुड़े कारोबारी अयान शील के ठिकानों पर छापेमारी में कई अहम दस्तावेज और जानकारी सामने आई थी। इसके बाद कलकत्ता हाईकोर्ट ने सीबीआई को नगर पालिका भर्ती मामले में अलग जांच शुरू करने का निर्देश दिया था। जांच आगे बढ़ने के साथ कई अन्य नाम भी एजेंसियों के रडार पर आ गए।