खेत में बड़ी संख्या में मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) बिखरे मिले

 खेत में बड़ी संख्या में मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) बिखरे मिले
बीरभूम। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में रविवार को एक खेत में बड़ी संख्या में मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) बिखरे हुए मिले। वहीं, बिधाननगर में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यालय से कथित तौर पर 100 से अधिक आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। इसके बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।पहली घटना बीरभूम के नानूर ब्लॉक के किरणाहार इलाके में सामने आई, जहां स्थानीय लोगों ने रविवार सुबह खेत में मतदाता कार्ड बिखरे पड़े देखे। यह खेत एक पूर्व बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) के घर के पास स्थित है, जिससे इलाके के लोगों का शक बढ़ गया और हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पूर्व बीएलओ हिरण्यप्रभा मेटे माजी से पुलिस ने इस मामले में पूछताछ की। वह पहले बर्धमान पूर्व जिले के केतुग्राम ब्लॉक में कार्यरत थीं। उन्होंने 2012 से 2025 तक बीएलओ के रूप में काम किया था और बाद में प्रशासनिक नियमों के अनुसार हटा दी गईं।
माजी ने दावा किया कि अपने कार्यकाल के दौरान वह नए मतदाता कार्ड बांटते समय पुराने कार्ड इकट्ठा करती थीं। लेकिन उन्हें ब्लॉक कार्यालय में जमा नहीं करती थीं। इसके बजाय वह उन्हें अपने पास रखती थीं। सूत्रों के अनुसार, माजी ने लोगों से कहा, मेरे घर में मरम्मत का काम चल रहा था। मैंने कागजों को घरे के पीछे एक बोरे में रख दिया था। किसी ने उन्हें बाहर खुले क्षेत्र में फेंक दिया।