दवा कंपनी के पूर्व कर्मचारी ने आनलाइन सेक्सवर्धक दवा भेजने के नाम पर ठगे 50 लाख

 दवा कंपनी के पूर्व कर्मचारी ने आनलाइन सेक्सवर्धक दवा भेजने के नाम पर ठगे 50 लाख
नोएडा। नोएडा की एक दवा कंपनी का डाटा चोरी कर पूर्व कर्मचारी संजय सरकार ने ऑनलाइन सेक्सवर्धक दवा भेजने के नाम पर एक साल में 50 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने अपने सहकर्मी मुन्ना कुमार शाह से दवा मंगाने वाले चार हजार लोगों का डाटा मंगा लिया। इसके बाद दस राज्यों के कई लोगों को दवा भेजने के नाम पर ठगी का शिकार बना दिया। साइबर सेल और हस्तिनापुर पुलिस ने मामले में संजय सरकार समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर के प्रतिबिंब पोर्टल पर मिली शिकायतों की जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल नंबर और आईएमईआई नंबर ट्रेस किए गए। इसके बाद हस्तिनापुर थाना क्षेत्र की न्यू ब्लॉक कॉलोनी निवासी संजय सरकार, मोहित सरकार, सुब्रमण्यम यामलवलसा और हर्ष सरकार को गिरफ्तार किए गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि संजय सरकार पहले नोएडा सेक्टर-62 स्थित एक ऑनलाइन दवा सप्लाई कंपनी में काम करता था। नौकरी छोड़ने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी का नेटवर्क खड़ा कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने हरियाणा, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लोगों को ठगी का शिकार बनाया।
पुलिस ने आरोपियों के घर से 08 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, 04 एटीएम कार्ड, 20,210 रुपये नकद, एक बाइक, एक एयरटेल वाई-फाई डिवाइस बरामद की। पुलिस टीम अन्य सामान के साथ एक इलेक्ट्रिक इंडक्शन भी मौके से लेकर आ गई। हालांकि इसका ठगी में कोई प्रयोग नहीं किया गया लेकिन इसे भी बरामदगी में शामिल किया गया है।
हर रोज देता था डाटा, लेता था 2500 रुपये
संजय सरकार को कंपनी से सेक्सवर्धक दवा खरीदने वालों का मुन्ना कुमार शाह हर रोज डाटा देता था। मुन्ना कंपनी से ऑनलाइन व्हाट्सएप आदि के जरिये सेक्सवर्धक दवा मंगाने वालों की जानकारी संजय सरकार को देकर 2500 रुपये प्रतिदिन लेता था। इसके बाद संजय सरकार और उनके साथी उन लोगों से संपर्क कर उन्हें क्यूआर कोड भेजकर अपने बैंक खातों में पैसा मंगा लेते थे। इसके बाद संबंधित ग्राहक के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर देते थे।