अबू-बिलाल अल-मिनुकी अमेरिकी और नाइजीरियाई सेनाओं के संयुक्त अभियान में मारा गया

 अबू-बिलाल अल-मिनुकी अमेरिकी और नाइजीरियाई सेनाओं के संयुक्त अभियान में मारा गया
Political Trust Magazine 
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अबू-बिलाल अल-मिनुकी अमेरिकी और नाइजीरियाई सेनाओं के संयुक्त अभियान में मारा गया है। अबू-बिलाल अल-मिनुकी को दुनिया भर में आईएसआईएस का सेकंड-इन-कमांड बताया जाता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह मिशन उनके निर्देश पर चलाया गया था और इसमें अमेरिका तथा नाइजीरिया के सुरक्षा बलों ने मिलकर काम किया। ट्रंप ने कहा, “आज रात, मेरे निर्देश पर बहादुर अमेरिकी फोर्स और नाइजीरिया की आर्म्ड फोर्स ने दुनिया के सबसे सक्रिय आतंकवादियों में से एक को लड़ाई के मैदान से खत्म करने के लिए बेहद सावधानी से तैयार किए गए और कठिन मिशन को बिना किसी गलती के पूरा किया।”
उन्होंने आगे कहा, “आईएसआईएस का दुनिया भर में सेकंड-इन-कमांड अबू-बिलाल अल-मिनुकी सोचता था कि वह अफ्रीका में छिप सकता है, लेकिन उसे यह नहीं पता था कि हमारे पास ऐसे सोर्स हैं, जो हमें लगातार बताते रहते हैं कि वह क्या कर रहा है। वह अब अफ्रीका के लोगों को नहीं डराएगा और न ही अमेरिकियों को निशाना बनाने के लिए ऑपरेशन की योजना बनाने में मदद कर पाएगा। उसके मारे जाने से आईएसआईएस का वैश्विक नेटवर्क काफी कमजोर हुआ है।” अमेरिकी राष्ट्रपति ने ऑपरेशन के दौरान नाइजीरियाई सरकार के सहयोग और समर्थन के लिए उनका धन्यवाद भी किया। मौजूदा रिपोर्टों के मुताबिक, अबू-बिलाल अल-मिनुकी को आईएसआईएस की लीडरशिप में शीर्ष रैंक वाले लोगों में से एक माना जाता था और कहा जाता है कि वह संगठन के ग्लोबल डिप्टी कमांडर के तौर पर काम करता था।