बंगाल विधानसभा को रथींद्र बोस के रूप में मिला नया अध्यक्ष

 बंगाल विधानसभा को रथींद्र बोस के रूप में मिला नया अध्यक्ष
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा को शुक्रवार नया अध्यक्ष मिल गया। कूचबिहार दक्षिण से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक रथींद्र बोस को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुना गया। पहली बार विधायक बने रथींद्र बोस का चुनाव विधानसभा में प्रोटेम स्पीकर तापस राय की देखरेख में संपन्न हुआ।
सत्तारूढ़ भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रथींद्र बोस के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन दिलीप घोष ने किया। ध्वनि मत से उन्हें विधानसभा का नया अध्यक्ष घोषित किया गया। सदन की कार्यवाही ‘वंदे मातरम्’ के साथ शुरू हुई। अध्यक्ष चुनाव के दौरान तृणमूल कांग्रेस के विधायक सदन में मौजूद नहीं थे, हालांकि बाद में वे कार्यवाही में शामिल हुए। निर्वाचन के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और विपक्ष के नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय रथींद्र बोस को अध्यक्ष की कुर्सी तक लेकर गए। तृणमूल कांग्रेस ने इस चुनाव का विरोध नहीं किया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बिमान बंद्योपाध्याय ने भी रथींद्र बोस को शुभकामनाएं दीं।