आगरा के बल्केश्वर घाट में एक ही परिवार के छह लोग डूबे, चार की मौत

 आगरा के बल्केश्वर घाट में एक ही परिवार के छह लोग डूबे, चार की मौत
Political Trust Magazine 
आगरा। ताजनगरी के बल्केश्वर घाट पर सुबह खुशियां मातम में बदल गईं। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए यमुना में डुबकी लगाने गए एक ही परिवार के छह युवक-युवतियां और किशोर गहरे पानी में समा गए। ये सभी जन्मदिन के कार्यक्रम में आए हुए थे। सुबह फाउंड्री नगर के पास यमुना में नहाने चले गए, जहां इस हृदयविदारक हादसे में दो युवतियों, एक युवक और एक 11 वर्षीय किशोर समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद से सादाबाद (हाथरस) से आए परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जन्मदिन की खुशियां गम में बदलीं
परिजनों के अनुसार, विक्की (11) की बुआ की लड़की का जन्मदिन था, जिसके लिए परिवार के सदस्य आगरा आए हुए थे। सुबह सभी बच्चे बिना किसी को बताए यमुना किनारे पहुंच गए। पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण एक-एक कर सभी डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर स्थानीय गोताखोर और पुलिस मौके पर पहुंची।
मशक्कत के बाद निकाले गए शव
डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पाँच लोगों को बाहर निकालकर तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी भेजा गया, जहाँ डॉक्टरों ने कान्हा (22) पुत्र रिंकू सिंह, महक (19) पुत्री कालीचरण और रिया (17) पुत्री मनोज को मृत घोषित कर दिया। वहीं करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद लापता विक्की (11) पुत्र राकेश का शव भी बरामद कर लिया गया।इस हादसे में काजल और अंशु सकुशल हैं। एक की तलाश के लिए तलाश जारी है।
चार बेटियों के बाद मिला था इकलौता बेटा”
यमुना किनारे पसरा सन्नाटा परिजनों की चीख-पुकार से बार-बार टूट रहा था। विक्की के पिता राकेश का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बिलखते हुए बताया, “चार बेटियों के बाद बड़ी मन्नतों और दुआओं से एक बेटा मिला था, भगवान ने उसे भी छीन लिया।” विक्की की मौत की खबर सुनते ही पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।