गाजियाबाद में एक और पुलिस मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली
- उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय
Political Trust
- May 14, 2026
- 0
- 40
- 1 minute read
गाजियाबाद। थाना नंदग्राम क्षेत्र में गुरुवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई जब रोटरी गोल चक्कर के पास पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक अपराधी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए बदमाशों पर क्षेत्र में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने का आरोप है, जिनकी पुष्टि उन्होंने प्रारंभिक पूछताछ में स्वीकार भी की है।एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि 14 मई की देर रात पुलिस टीम क्षेत्र में रूटीन चेकिंग अभियान चला रही थी। रोटरी गोल चक्कर के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही थी, तभी मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्ध अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में इलाके में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल बुलाकर पूरे इलाके में नाकेबंदी और चेकिंग अभियान तेज कर दिया।
करीब 01:30 बजे रात पुलिस टीम को दो मोटरसाइकिलों पर तीन संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने जब उन्हें चारों ओर से घेरने की कोशिश की तो एक बदमाश ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
