घर पहुंचा प्रतीक यादव का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ मौत का खुलासा
- उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय
Political Trust
- May 13, 2026
- 0
- 65
- 1 minute read
लखनऊ। प्रतीक यादव का शव पोस्टमार्टम हाउस से विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर ले जाया गया है। आखिरी तक यही सूचना थी कि अपर्णा यादव के आने के बाद उन्हें ही शव सुपुर्द किया जाएगा, लेकिन उनके आने में देरी की वजह से शव घर ले जाया गया है। प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। पीएम रिपोर्ट के अनुसार, प्रतीक की मौत कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स (हृदय और श्वसन तंत्र का अचानक फेल होना) व अत्यधिक पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म (फेफड़ों की रक्त वाहिकाओं में खून के थक्के जमने) के कारण हुई।
प्रतीक यादव का शव एक बजकर 58 मिनट पर परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन इसे लेकर प्रतीक के विक्रमादित्य स्थित आवास पर पहुंचे। शव के आवास पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। अपर्णा यादव भी आवास पहुंच चुकी हैं। भाजपा नेता अपर्णा यादव दोपहर करीब दो बजे लखनऊ पहुंचीं। इसके बाद एयरपोर्ट से वह अपने आवास के लिए रवाना हो गईं। प्रतीक यादव के आवास पर अब्बास अंसारी भी पहुंचे। आवास पर लोगों का जमावड़ा लग गया है। प्रतीक यादव के विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर सांसद डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव सहित यादव परिवार के सदस्य व अन्य लोग पहुंच गए हैं। महापौर सुषमा खर्कवाल भी पहुंची हैं। आवास पर लोगों का जमावड़ा लग गया है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन बजे अपर्णा यादव के आवास पर पहुचेंगे। आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अपर्णा के घर लोगों और समर्थकों का जमावड़ा हो गया है।
