केंद्रीय गृहराज्य मंत्री के बेटे के खिलाफ नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज

 केंद्रीय गृहराज्य मंत्री के बेटे के खिलाफ नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज
हैदराबाद।  केंद्रीय गृह राज्यमंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे बंदी भगीरथ को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। भगीरथ के खिलाफ एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, इस मामले में नया मोड़ तब आया जब भगीरथ ने खुद लड़की और उसके माता-पिता के खिलाफ ‘हनी ट्रैप’ और 5 करोड़ रुपये की जबरन वसूली की शिकायत दर्ज कराई गई है ।नाबालिग लड़की की मां ने पेट बशीरबाद पुलिस में दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि बंदी भगीरथ पिछले छह महीनों से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। महिला का दावा है कि भगीरथ ने शादी का झांसा देकर लड़की को मोइनाबाद स्थित एक फार्महाउस पर बुलाया, जहां उसे शराब पिलाई गई और उसका यौन उत्पीड़न किया गया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की धारा 11 के तहत जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर, बंदी भगीरथ ने करीमनगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि उन्हें ‘हनी ट्रैप’ में फंसाया गया है। उनके अनुसार, लड़की के परिवार ने पहले उनसे दोस्ती की और फिर शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया। भगीरथ का आरोप है कि इनकार करने पर उनसे 5 करोड़ रुपये की मांग की गई और धमकी दी गई। भगीरथ की शिकायत पर पुलिस ने लड़की के परिवार के खिलाफ आपराधिक साजिश और जबरन वसूली की धाराओं में केस दर्ज किया है।
केंद्रीय मंत्री बंदी संजय ने बताया ‘राजनीतिक षड्यंत्र’
इस पूरे घटनाक्रम पर केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने भी बयान जारी कर इसे विपक्ष की हताशा बताया है। उन्होंने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा:
“राजनीतिक लड़ाइयों में बच्चों और परिवार को घसीटना विरोधियों की कमजोरी को दर्शाता है। यह एक पिछड़ी जाति (BC) के नेता के उभार को रोकने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा से पहले मुझे बदनाम करने की साजिश है। मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।”