टीएमसी की हार का जश्न मनाने वालों को राहुल गांधी नसीहत, छोटी राजनीति करना बंद करें
- दिल्ली राजनीति राष्ट्रीय
Political Trust
- May 8, 2026
- 0
- 31
- 1 minute read
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद अपनी ही पार्टी के नेताओं को कड़ी नसीहत दी है। उन्होंने कांग्रेस के उन नेताओं की आलोचना की, जो तृणमूल कांग्रेस की हार पर खुशी जता रहे थे। राहुल गांधी ने साफ कहा कि ‘छोटी राजनीति’ छोड़कर बड़े मुद्दे को समझने की जरूरत है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किए गए अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा, “कांग्रेस के कुछ लोग और अन्य दल टीएमसी की हार पर जश्न मना रहे हैं।
उन्हें यह समझना चाहिए कि असम और बंगाल के जनादेश की ‘चोरी’ भारतीय जनता पार्टी का लोकतंत्र को कमजोर करने की दिशा में बड़ा कदम है।” उन्होंने लिखा, “छोटी राजनीति को अलग रखें। यह किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि पूरे भारत का मामला है।” यह बयान ऐसे समय आया है, जब ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी की 15 साल पुरानी सरकार पश्चिम बंगाल में सत्ता से बाहर होती दिख रही है और सुवेंदु अधिकारी की अगुवाई में भाजपा दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है। राहुल गांधी ने इससे पहले ममता बनर्जी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों का समर्थन भी किया था। उन्होंने कहा, “असम और बंगाल में भाजपा ने चुनाव आयोग के सहयोग से वोट चुराए हैं। हम ममता बनर्जी से सहमत हैं। बंगाल में 100 से ज्यादा सीटें छीनी गई हैं। हमने यह तरीका पहले भी मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और लोकसभा 2024 में देखा है। ”
