अमेरिका-ईरान शांति वार्ता की उम्मीदों से शेयर बाजार में आई हरियाली, सेंसेक्स और निफ्टी में बढ़त

 अमेरिका-ईरान शांति वार्ता की उम्मीदों से शेयर बाजार में आई हरियाली, सेंसेक्स और निफ्टी में बढ़त
मुंबई। अमेरिकी-ईरान शांति समझौते की उम्मीदों के बीच वैश्विक बाजारों में तेजी के चलते आज भारतीय शेयर बाजार तेजी के साथ हरे निशान में खुले हुए। इससे पहले दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंतिम कारोबारी सत्र में घरेलू बाजार ने जबरदस्त तेजी दिखाई और प्रमुख बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी, दोनों 1 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहे। बाजार बंद होने के समय 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 940.73 अंकों यानी 1.22 प्रतिशत की तेजी के साथ 77,958.52 पर पहुंच गया, तो वहीं एनएसई निफ्टी50 298.15 अंकों (1.24 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 24,330.95 पर पहुंच गया।
दिन के दौरान, सेंसेक्स 77,424.36 पर खुलकर 78,022.78 का इंट्रा-डे हाई बनाया तो वहीं निफ्टी 24,171 पर खुलकर 24,356.50 का हाई बनाया। बाजार में यह तेजी एक रिपोर्ट के बाद आया जिसमें कहा गया था कि अमेरिका और ईरान मध्य पूर्व संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक समझौते के करीब हैं, जिससे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई थी। व्यापक बाजारों ने इस तेजी को समर्थन दिया, जिसमें निफ्टी स्मॉलकैप 100 और निफ्टी मिडकैप 100 सूचकांकों ने क्रमशः 1.93 प्रतिशत और 1.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ बेहतर प्रदर्शन किया।