बंगाल, असम और पुडुचेरी जीत के बाद दिल्ली पार्टी मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी,नबीन ने किया स्वागत

 बंगाल, असम और पुडुचेरी जीत के बाद दिल्ली पार्टी मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी,नबीन ने किया स्वागत
Political Trust Magazine 
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार शाम दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे। पारंपरिक धोती-कुर्ते में सजे पीएम मोदी का स्वागत बीजेपी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने किया। इस दौरान मंच पर एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला जब नितिन नबीन ने पीएम को माला पहनाने की कोशिश की, लेकिन प्रधानमंत्री ने वही माला लेकर खुद नितिन नबीन को पहना दी और उनके नेतृत्व में मिली पहली बड़ी जीत की सराहना की।कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने एक बड़ा सियासी संकेत दिया। उन्होंने कहा कि नई सरकार की पहली ही कैबिनेट बैठक में एक अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक फैसला लिया जाएगा। हालांकि, पीएम मोदी ने उस फैसले का खुलासा नहीं किया, लेकिन उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि यह निर्णय देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस अटूट विश्वास के साथ जनादेश दिया है, उस पर खरा उतरना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की आगामी नीतियां मुख्य रूप से गरीब, किसान, युवा और महिलाओं (GYAN) के कल्याण पर केंद्रित रहेंगी। उन्होंने इस जीत का श्रेय बीजेपी के समर्पित कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और देश की जनता के भरोसे को दिया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पीएम मोदी का यह ‘सरप्राइज’ फैसला सरकार की आगामी 5 साल की दिशा और दशा तय करने वाला होगा। जीत के उत्साह में डूबे मुख्यालय पर देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा।