ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसे में महिला सहित तीन की मौत

 ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसे में महिला सहित तीन की मौत
Political Trust Magazine 
नोएडा/ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में थाना दादरी क्षेत्र के अंतर्गत ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक ने वैगनआर कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार सवार एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक मासूम बच्ची भी गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान के भीलवाड़ा जिले का रहने वाला एक परिवार वैगनआर कार में सवार होकर वाराणसी (बनारस) की यात्रा पर निकला था। सोमवार को जैसे ही उनकी कार गंगा एक्सप्रेसवे पकड़ने के लिए ईस्टर्न पेरिफेरल के दादरी कट से गाजियाबाद की ओर शाहपुर अंडरपास के पास पहुँची, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग और बेरिकेडिंग से जा टकराई।
थाना दादरी प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना में विवेक (30), राम (32) और ममता (29) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कार में सवार एक बच्ची को लहूलुहान हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई है। एसीपी दादरी प्रशाली गंगवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है।