छत्तीसगढ़ शराब घोटाले मामले में ईडी की 13 ठिकानों पर रेड
- छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय
Political Trust
- May 3, 2026
- 0
- 46
- 1 minute read
रायगढ। छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पीएमएलए, 2002 के तहत 13 ठिकानों पर रेड की है। जांच एजेंसी ने तलाशी अभियान के दौरान लगभग 5.39 करोड़ रुपये नकद और सोना जब्त किया है। रेड वाले परिसर, शराब व्यापारियों, चार्टर्ड अकाउंटेंटों, व्यवसायियों और कॉर्पोरेट संस्थाओं से संबंधित हैं। इन पर उक्त घोटाले से प्राप्त अपराध की आय को प्राप्त करने, संभालने या छुपाने का संदेह है। लगभग 2883 करोड़ रुपये की आपराधिक आय वाले इस घोटाले में पूर्व सीएम के पुत्र, एक आईएएस, सीएसएमसीएल के तत्कालीन एमडी और आबकारी आयुक्त सहित कई अफसर गिरफ्तार हो चुके हैं।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की चल रही जांच के सिलसिले में धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 (पीएमएलए) की धारा 17 के तहत रायपुर, दुर्ग/भिलाई और बिलासपुर जिले में छापेमारी की है। तलाशी के दौरान, आपत्तिजनक नकदी और कीमती सामान जब्त किया गया है। इसमें 53 लाख रुपये नकद और लगभग 3.234 किलोग्राम सोने के आभूषण (लगभग 4.86 करोड़ रुपये मूल्य के) की जब्ती शामिल है। कुल जब्ती लगभग 5.39 करोड़ रुपये की बताई गई है। आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण/डेटा भी बरामद किया गया है, जिनका विश्लेषण किया जा रहा है। ईडी ने आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू)/भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (एसीबी), रायपुर द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर पीएमएलए, 2002 के तहत छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच शुरु की है।
