सऊदी अरब में पति ने किया दूसरा निकाह तो महिला ने चार बच्चों का किया कत्ल
लखनऊ। अंबेडकरनगर में एक महिला ने अपने चार बच्चों का कत्ल कर दिया। वजह चौंकाने वाली है। दरअसल, सऊदी अरब में पाकिस्तानी महिला से दूसरा निकाह कर पति का चार साल से घर नहीं लौटना चार बच्चों के जीवन को निगल गया।
अकबरपुर स्थित घर पर बच्चों के साथ रह रही पहली पत्नी चारों बच्चों की हत्या कर भाग गई। पुलिस पहुंची तो घर अंदर से बंद मिला। पहली मंजिल के रास्ते घर में दाखिल होकर कमरे में पहुंची तो चार बच्चों के शव पड़े मिले। पुलिस परिवार के लोगों से पूछताछ के साथ महिला की तलाश कर रही है। पति के दूसरी शादी करने के बाद से पहली पत्नी की उससे अनबन चल रही थी। वह चार साल से घर नहीं लौटा था। इसी तनाव के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। महरुआ के कसड़ा निवासी नियाज (37) सऊदी अरब में नौकरी करता है। उसने चार साल पहले मीरानपुर, मुरादाबाद में पत्नी गासिया खातून (34) के नाम पर मकान बनवाया था। यहां गासिया अपने बड़े बेटे शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान (8) उर्फ सादिया के साथ रहती थी। सुबह 7:30 बजे सबसे पहले दूधवाला गासिया के घर पहुंचा। दरवाजा खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो वह लौट गया। दोपहर तक बच्चों से फोन पर संपर्क न होने पर नियाज ने शहजादपुर निवासी भाभी बकीतुनिशा से पता करने को कहा। इस पर भाभी ने पुलिस को सूचना दी। दोपहर तीन बजे पुलिस पहुंची तो घर अंदर से बंद था।
पुलिस पहली मंजिल की बालकनी पर चढ़कर घर में दाखिल हुई। पहली मंजिल के कमरे में तखत पर बच्चों के शव खून से लथपथ पड़े मिले। सूचना पर डीआईजी सोमेन वर्मा, डीएम ईशा प्रिया, एसपी प्राची सिंह ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम के साथ जांच की। पुलिस को घर से एक मोबाइल बरामद हुआ है। पुलिस ने चारों शवों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
