विख्यात मूर्तिकार डॉ अनिल राम वंजी सुतार का भव्य सम्मान!

 विख्यात मूर्तिकार डॉ अनिल राम वंजी सुतार का भव्य सम्मान!

दिनेश कुमार गौड़
नागपुर। डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति, नागपुर द्वारा आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में देश के तकनीकी कलाकारों, शिल्पकारों तथा प्रख्यात मूर्तिकार राम वंजी सुतार के अतुलनीय कला के लिए उनके मूर्तिकार पुत्र डॉ अनिल राम सुतार को गौरवपूर्ण सम्मान से अलंकृत किया गया। इस अवसर पर उनके मूर्तिकला क्षेत्र में दिए गए अतुलनीय योगदान की विशेष रूप से सराहना की गई।
पद्म श्री, पद्म भूषण, रवीन्द्र नाथ टैगोर अवॉर्ड तथा महाराष्ट्र भूषण से सम्मानित राम वंजी सुतार भारतीय मूर्तिकला जगत के अग्रणी हस्ताक्षर माने जाते हैं। उनके द्वारा निर्मित उत्कृष्ट कलाकृतियों ने न केवल देश में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ किया है।
समारोह के दौरान उनके सुपुत्र एवं प्रसिद्ध मूर्तिकार डॉ. अनिल राम सुतार को भी उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूजनीय सरसंघचालक मोहन भागवत के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने सुतार परिवार के योगदान की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी कला भारतीय परंपरा, संस्कृति और शिल्प की समृद्ध विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। वक्ताओं ने इसे देश के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।
समारोह में बड़ी संख्या में कला प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, सम्मान और गौरव की भावना से ओतप्रोत रहा।