आज एक मई से हुए 5 बदलाव जेब पर डालेंगे सीधा प्रभाव  

 आज एक मई से हुए 5 बदलाव जेब पर डालेंगे सीधा प्रभाव  
Political Trust Magazine 
नई दिल्ली। 1 मई से सिर्फ नया महीना ही नहीं बदल गया है। बल्कि आम आदमी के लिए आज से कई नए नियम भी लागू हो रहे हैं। इनका सीधा असर आपकी जेब पर पड़ने वाला है। सरकार ने कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम एकमुश्‍त एक हजार रुपये बढ़ाकर पहले ही बड़ा झटका दे दिया है। शादियों के सीजन में यह बढ़ोतरी बड़ा असर डाल सकती है। साथ ही बाहर खाने वालों के लिए भी यह मुसीबत पैदा कर सकती है। इसके अलावा आपके लेनदेन से जुड़े नियमों में भी आज से बदलाव हो रहा है।
वित्‍तीय रूप से देखा जाए तो आज से आम आदमी के लिए 5 बड़े बदलाव लागू हो रहे हैं। इन बदलावों का सीधा असर उनके रोजमर्रा की जिंदगी पर दिखेगा। यही वजह है कि मई की शुरुआत से लागू हो रहे नए नियमों को आप अच्‍छी तरह समझ लीजिए, क्‍योंकि यह आपके बजट पर भी असर डाल सकता है। क्रेडिट कार्ड रखने वालों से लेकर एटीएम से पैसे निकालने वालों तक इस नए नियम के दायरे में आएंगे। साथ ही ऑनलाइन गेम खेलने वालों पर भी इसका बखूबी असर दिखेगा।
डिजिटल लेनदेन का चलन काफी बढ़ गया है और साथ ही साइबर फ्रॉड की घटनाओं में भी बढ़ोतरी हो रही है। इसे देखते हुए यूपीआई से बड़े लेनदेन को लेकर कुछ बदलाव किए गए हैं। 1 मई से यूपीआई से बड़े लेनदेन के लिए अतिरिक्‍त फीचर का सामना करना पड़ेगा. इसमें ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया को भी जोड़ा गया है, जो भुगतान करते समय अतिरिक्‍त चरण से गुजरने के लिए बाध्‍य करेगा। इसका मतलब है कि यूपीआई से बड़े अमाउंट के ट्रांसफर के लिए ज्‍यादा माथापच्‍ची करनी पड़ सकती है।
सरकारी बैंक एसबीआई ने अपने क्रेडिट कार्ड के लेट पेमेंट चार्जेज में बदलाव किया है। बैंक का कहना है कि 1 मई से 100 से लेकर 500 रुपये तक के बकाया पर लेट पेमेंट चार्ज 100 रुपये लगाया जाएगा। जबकि 500 से लेकर 1,000 रुपये तक के बकाया पर यह चार्ज बढ़कर 500 रुपये हो जाएगा। हालांकि, बाकी सभी शुल्‍क पहले की तरह ही लागू किए जाएंगे। बैंक ने कहा है कि BPCL SBI क्रेडिट कार्ड पर साालना फीस से छूट के लिए अब 1 लाख खर्च करने होंगे, जो अभी तक 50 हजार रुपये थे।
ऑनलाइन गेमिंग को लेकर भी 1 मई से नया नियम लागू हो रहा है। सरकार ने इस सेक्‍टर पर नियंत्रण और निगरानी के लिए ऑनलाइन गेमिंग अथॉरिटी ऑफ इंडिया के गठन की बात कही है। साथ ही सेक्‍टर को तीन भाग में बांटा जाएगा। इसमें ऑनलाइन मनी गेम, ऑनलाइन सोशल गेम और ई-स्‍पोर्ट की कैटेगरी होगी। जिस गेम में पैसों का लेनदेन शामिल होगा, उसमें पंजीकरण कराना जरूरी होगा। इस लेनदेन पर सरकारी एजेंसी भी अपनी नजर रखेगी।