बड़ा झटका! 1000 रुपये बढ़े एलपीजी सिलेंडर के दाम, जाने अपने शहर का नया रेट

 बड़ा झटका! 1000 रुपये बढ़े एलपीजी सिलेंडर के दाम, जाने अपने शहर का नया रेट
नई दिल्ली। सरकारी तेल कंपनियों ने आज 1 मई, 2026 से ही कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एकमुश्‍त करीब 1,000 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। अब दिल्‍ली, मुंबई सहित देश के तमाम शहरों में कॉमर्शियल एलपीजी की कीमतें 3 हजार रुपये के भी पार पहुंच गई हैं। हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में अभी कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
सरकारी तेल कंपनियों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम अलग-अलग शहरों में अलग-अलग बढ़ाए गए हैं। दिल्‍ली जैसे महानगरों में जहां इसकी कीमतों में करीब 1 हजार रुपये प्रति सिलेंडर का दाम बढ़ाया गया है, वहीं यूपी के शहरों में यह बढ़ोतरी 300 रुपये के आसपास ही है। इस तरह, देश के अलग-अलग शहरों में इसकी कीमतों में भी काफी अंतर दिख रहा है। कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से शादी के सीजन में जनता को बड़ा झटका लगा है और अब होटल-रेस्‍तरां पर खाना और भी महंगा हो जाएगा।
रकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल के मुताबिक, 1 मई से दिल्‍ली में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 993 रुपये बढ़ गए हैं और अब यह 3,071.50 रुपये प्रति सिलेंडर मिल रहा है। हालांकि, राजधानी 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह आज भी 913 रुपये प्रति सिलेंडर मिल रहा है। दिल्‍ली के साथ-साथ अन्‍य महानगरों में भी एलपीजी सिलेंडर के दाम आज से बढ़ गए हैं।
आर्थिक राजधानी मुंबई में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम आज से 3,024 रुपये पहुंच गए हैं। अभी तक यह 2,031 रुपये प्रति सिलेंडर मिल रहा था। हालांकि, यहां पर घरेलू सिलेंडर 912.50 रुपये पर स्थिर है। चुनावी राज्‍य पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में अब कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 3,202 रुपये पहुंच गया है, जो अभी तक 2,208 रुपये में मिल रहा था। यहां भी एलपीजी के दाम करीब 990 रुपये बढ़े हैं। राजस्‍थान की राजधानी जयपुर में कॉमर्शियल सिलेंडर का दाम 3,099 रुपये पहुंच गया है, जो पहले 2,031 रुपये था। हालांकि, यहां घरेलू सिलेंडर आज भी 916.5 रुपये में बिक रहा है। दक्षिणी महानगर चेन्‍नई में एलपीजी का दाम बढ़कर 3,237 रुपये प्रति सिलेंडर हो गया है, जो अभी तक 2,246.50 रुपये था। यहां घरेलू सिलेंडर 928.50 रुपये का है।