बुलंदशहर में ट्रिपल मर्डर की वारदात का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

 बुलंदशहर में ट्रिपल मर्डर की वारदात का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

बुलंदशहर। बुलंदशहर में 3 दोस्तों की हत्या के मुख्य आरोपी बर्थडे बॉय जीतू सैनी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। गुरुवार सुबह 5 बजे पुलिस ने स्कूटी सवार जीतू को रोका, तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसे तीन गोलियां लग गईं।

जिला अस्पताल में इलाज के दौरान जीतू की मौत हो गई। ट्रिपल मर्डर के बाद पुलिस ने जीतू पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। जीतू 2017 में बसपा का नगर अध्यक्ष रह चुका था। 5 साल पहले बॉडी बिल्डिंग में मिस्टर यूपी का सेकेंड रनर-अप का खिताब भी जीत चुका था। मुठभेड़ जिला मुख्यालय से 35 किमी दूर खुर्जा थाना क्षेत्र में हुई।

दरअसल, 25 अप्रैल की रात RJS फिटनेस जिम में जीतू की बर्थडे पार्टी चल रही थी। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान दोस्त अमरदीप ने जीतू के चेहरे पर केक लगा दिया था। इससे वह भड़क गया और उसने गोलियां बरसा दीं। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई।

मरने वालों में भाजपा सभासद संजय सैनी के भाई मनीष (30), भतीजे आकाश (19) और चचेरे भाई अमरदीप (32) शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में अब तक जीतू से पहले मयंक सैनी, रिंकू सैनी और भारत सैनी को एनकाउंटर में गोली मारकर पकड़ा था। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।