दिल्ली निगम के निलंबित ASI ने तीसरी मंजिल से कूदकर जान दी
नई दिल्ली। जोन में तैनात असिस्टेंट सेनेटरी इंस्पेक्टर (एएसआई) ने तीसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी है। मृतक की शिनाख्त राजकुमार सोलंकी (58) के रूप में हुई है। दरअसल काम ठीक से न करने की वजह से करीब तीन माह पूर्व राजकुमार सोलंकी को तत्कालीन निगम उपायुक्त ने निलंबित कर दिया था। इसके बाद से वह ड्यूटी पर वापस बहाल करने के लिए अधिकारियों के पास चक्कर काट रहे थे।
दोपहर को भी वह कई अधिकारियों से मिले। इसके बाद भी जब बात नहीं बनी तो उन्होंने तीसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। एएसआई के कूदते ही निगम कार्यालय में हड़कंप मच गया। मौके पर कर्मचारियों की भीड़ जुट गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। बाद में उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मृतक के परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मृतक का शव करीब दो घंटे घटना स्थल पर पड़ा रहा। किसी ने उनको अस्पताल ले जाने की कोशिश नहीं की। बाद में पुलिस ने शव उठाकर भेजा।
उत्तर-पूर्वी जिला के पुलिस उपायुक्त ने बताया कि राजकुमार अपने परिवार के साथ सबोली गांव में रहते थे। इनके परिवार में पत्नी और एक बेटा है। राजकुमार नगर निगम के डेम्स विभाग में तैनात थे। फिलहाल इनकी तैनाती सुंदर नगरी वार्ड में थी। तीन माह पूर्व तत्कालीन निगम उपायुक्त अभिषेक मिश्रा ने उन्हें सफाई ठीक से न कराने पर निलंबित कर दिया था।
