जलवायु परिवर्तन के प्रभाव से मौसम के पैटर्न में बदलाव, तप रहे लोग झुलस रहे जानवर

 जलवायु परिवर्तन के प्रभाव से मौसम के पैटर्न में बदलाव, तप रहे लोग झुलस रहे जानवर
Political Trust Magazine 

नई दिल्ली। अप्रैल के महीने में ही गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने के आसार हैं, जिससे आमजन के साथ किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।  अगले पांच दिनों तक पूरे क्षेत्र में मौसम शुष्क बना रहेगा। 24 और 25 अप्रैल को लू चलने की प्रबल संभावना है, जिससे तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बुधवार सुबह से ही धूप तेज निकली, जिस कारण गर्मी तेज रही। दोपहर में भीषण गर्मी और लू के असर के कारण सड़कें सूनी दिखाई दीं। मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दिन के समय बाहर निकलना जोखिम भरा हो सकता है। खासकर दोपहर के समय लू का असर अधिक रहेगा। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला पर दिन का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एयर क्वालिटी इंडेक्स 281 दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार इस बार अप्रैल में असामान्य गर्मी की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ की कमी और लगातार साफ आसमान है। बादलों की अनुपस्थिति के कारण सूर्य की सीधी किरणें धरती को तेजी से गर्म कर रही हैं। इसके अलावा शुष्क हवाएं और नमी की कमी भी तापमान बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है। जलवायु परिवर्तन के प्रभाव से मौसम के पैटर्न में बदलाव देखने को मिल रहा है, जिससे गर्मी का दौर पहले ही शुरू हो गया है।