यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम आज जारी होगा

 यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम आज जारी होगा
Political Trust Magazine 
लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा का परिणाम आज जारी करने की घोषणा कर दी है। परिणाम से पहले विद्यार्थियों में किसी तरह की कुंठा या निराशा न हो, इसे लेकर समाज के विभिन्न वर्गों से बातचीत की गई। सभी का एक ही संदेश है, अंक नहीं, आपकी मेहनत और क्षमता भविष्य तय करती है। कोई भी परीक्षा जीवन का अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत होती है। रिजल्ट एक पड़ाव है, मंजिल नहीं। मेहनत जारी रखें, सफलता जरूर मिलेगी।इस वर्ष बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच प्रदेश के 8033 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं नकल विहीन वातावरण में संपन्न हुई। हाईस्कूल में लगभग 26.02 लाख और इंटरमीडिएट में 24.91 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए, जो प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था के व्यापक दायरे को दर्शाता है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि परिणाम के बाद यदि किसी छात्र को अपने अंकों को लेकर संतोष न हो तो उसे निराश होने की आवश्यकता नहीं है। बोर्ड के द्वारा स्क्रूटनी और कंपार्टमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों का मनोबल बनाए रखें और उन्हें सकारात्मक सहयोग दें।