अक्षय तृतीया पर गुलजार रहे ज्वैलरी शोरूम, ‘पोल्की’ महिलाओं की पसंद बनी पोल्की

 अक्षय तृतीया पर गुलजार रहे ज्वैलरी शोरूम, ‘पोल्की’ महिलाओं की पसंद बनी पोल्की
Political  Trust Magazine गाजियाबाद। अक्षय तृतीया के मौके पर रविवार को ज्वैलरी शोरूम में काफी चहल पहल देखी गई। महिलाओं ने पारंपरिक और पोल्की, पुरुषों ने प्लेटिनम और डायमंड ज्वैलरी पसंद की। इस बार दो दिन की अक्षय तृतीया से सराफा बाजार में 10-15 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है।
स्थिर हैं सोने के दाम
सोने के दाम स्थिर होने से लोगों अक्षय तृतीया से पूर्व ही ज्वैलरी की बुकिंग करा ली थी। सराफा कारोबारियों ने अक्षय तृतीया व सहालग को देखकर खास तैयारी की हुई थी। अक्षय तृतीया के मौके पर ग्राहकों को ऑफर दिए गए।
अक्षय तृतीया और सहालग में रौनक
अक्षय तृतीया पर सोने के आभूषणों की खरीदारी को शुभ माना जाता है। अक्षय तृतीया इस बार दो दिन रविवार और सोमवार (उदया तिथि के अनुसार) को मनाई जाएगी। सोने के दाम इन दिनों स्थिर बने हुए हैं। रविवार को गाजियाबाद में 24 कैरेट सोना लगभग 1,55,930 रुपये से 1,56,070 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना लगभग 1,42,804 रुपये से 1,42,950 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है। बता दें जनवरी में सोने की कीमतें बढ़कर 1.80 लाख रुपये से अधिक तक पहुंच गए थे। उतार-चढ़ाव के दौर में निवेशकों के साथ ग्राहकों का विश्वास डगमगा गया था।
महिलाओं को पोल्की, पुरुषों को पसंद आई प्लेटिनम
सहालग के लिए खरीदारी करने वाले ग्राहक सोने के दाम कम होने का इंतजार कर रहे थे। अब सोने के दाम स्थिर होने से ग्राहकों के साथ ही निवेशकों का भी भरोसा पुन: कायम हुआ है। अक्षय तृतीया पर ज्वैलरी शोरूम में अच्छी संख्या में ग्राहक पहुंचे। महिलाओं को परपंरागत पीले सोने में एंटीक डिजाइन की ज्वैलरी पसंद आ रही है।
हिण्डन पार सर्राफा व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष नकुल वर्मा के अनुसार इस बार सोने और चांदी के भाव में ताबड़तोड़ वृद्धि होने की वजह से हल्की ज्वेलरी और छोटे सिक्कों की ज्यादा मांग रही। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में छिड़े युद्धों के कारण भी लोग अभी ज्वेलरी के ऊपर अधिक पैसा खर्च करने से बच रहे हैं। सर्राफा बाजार में चांदी और सोने के सिक्के, पायल, बिछुए जैसे सामानों की मांग अच्छी खासी रही और अक्षय तृतीया के अवसर पर बाजारों में सामान्य से कहीं अधिक भीड़ रही। उन्होंने बताया कि महिलाओं को पोल्की, स्टडेड ज्वैलरी भा रही हैं तो पुरुषों की पसंद प्लेटिनम ज्वैलरी बन रही है।
ज्वैलर्स द्वारा ग्राहकों को मेकिंग चार्जेज पर छूट, बुकिंग पर गोल्ड रेट प्रोटेक्शन, पुराने सोने के विनिमय पर जीरो प्रतिशत कटौती, बुकिंग पर फ्री चांदी के सिक्के तक गिफ्ट में दिए गए।