न्यूयॉर्क मेयर की पत्नी ने अपने आपत्तिजनक पोस्ट पर मांगी माफी

 न्यूयॉर्क मेयर की पत्नी ने अपने आपत्तिजनक पोस्ट पर मांगी माफी
न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी की पत्नी रामा दुवाजी ने कई साल पूर्व किए अपने एक आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। यह मामला तब सामने आया जब एक कंजर्वेटिव मीडिया संस्थान ने उनकी पुरानी ऑनलाइन गतिविधियों को खंगालकर उजागर किया।
दुवाजी ने कहा कि उन्हें अपने पुराने पोस्ट को लेकर गहरी शर्मिंदगी महसूस होती है। उन्होंने कहा, ’15 साल की उम्र में उन्होंने वह पोस्ट किया था, लेकिन उम्र कोई बहाना नहीं हो सकती। मैंने जो भाषा इस्तेमाल की, वह दूसरों के लिए नुकसानदेह थी।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने लोगों की प्रतिक्रियाएं पढ़ीं और समझा कि मैंने उन्हें कितना आहत किया। इसके लिए मैं दिल से माफी मांगती हूं।’
हालांकि, दुवाजी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह किन-किन पोस्ट की बात कर रही हैं और न ही उन्होंने इस्राइल से जुड़े अपने हालिया सोशल मीडिया पोस्ट पर टिप्पणी की, जिन पर भी विवाद हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके पुराने पोस्ट में एलजीबीटीक्यू समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इसके अलावा, उन्होंने अतीत में कुछ ऐसे पोस्ट भी शेयर किए थे जिनमें फिलिस्तीनी उग्रवादियों की प्रशंसा की गई थी। गौरतलब है कि दुवाजी को हाल ही में एक इंस्टाग्राम पोस्ट को लाइक करने के लिए भी आलोचना का सामना करना पड़ा था, जिसे हमास के 7 अक्टूबर 2023 के हमले का समर्थन करने वाला माना गया था।