ईरान और अमेरिका में जारी भीषण तनाव के बीच इजरायल और लेबनान में बातचीत

 ईरान और अमेरिका में जारी भीषण तनाव के बीच इजरायल और लेबनान में बातचीत
नई दिल्ली। ईरान और अमेरिका में जारी भीषण तनाव के बीच इजरायल और लेबनान में भी बातचीत हो रही है। लगभग 33 सालों में पहली बार लेबनान और इजरायल के बीच ये सीधी वार्ता है। इजरायल-लेबनान में वार्ता ऐसे समय में हो रही है, जब ईरान के साथ अमेरिका के संघर्ष जारी हैं और पहले राउंड की बातचीत बेनतीजा रही। आइए जानते हैं कि ईरान-अमेरिका तनाव के बीच लेबनान और इजरायल के बीच बातचीत के मायने क्या हैं। मौजूदा हालात के बीच इजरायल और लेबनान की इस वार्ता को एक बड़े कूटनीतिक कदम के तौर पर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि दोनों देशों के बीच इस बातचीत की मध्यस्थता अमेरिका कर रहा है।
अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रुबियो की मध्यस्थता में दोनों देशों के राजनयिकों के साथ यह बैठक की। लेबनान और इजरायल के बीच लंबे समय से तनाव जारी है। खासतौर से ईरान के साथ संघर्ष के बीच दक्षिणी लेबनान में स्थित हिजबुल्लाह ने इजरायल के खिलाफ हमले तेज कर दिए हैं। इससे पहले 7 अक्टूबर 2023 में इजरायल पर हमास के हमलों के दौरान भी हिजबुल्लाह ने इजरायल पर हमले किए थे। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमले में ईरान के सुप्रीम नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई। खामेनेई के साथ-साथ इस हमले में ईरान के कई अन्य शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाया गया। अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान कई मोर्चों पर कमजोर हुआ है। एक तरफ अमेरिका ईरान के साथ संघर्ष खत्म करने के लिए बातचीत की कोशिश कर रहा है। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच पाकिस्तान में पहले राउंड की वार्ता हुई, जिसका कोई नतीजा नहीं निकला। ईरान ने अमेरिका की शर्तें मानने से इनकार कर दिया।