रायसेन में ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ का भव्य समापन, किसानों के लिए नई विकास दिशा तय

 रायसेन में ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ का भव्य समापन, किसानों के लिए नई विकास दिशा तय

रायसेन/भोपाल/नई दिल्ली, 13 अप्रैल 2026। राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण “उन्नत कृषि महोत्सव” का रायसेन में हजारों किसानों की गरिमामयी उपस्थिति के बीच भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि के आधुनिकीकरण, तकनीकी नवाचार और किसानों की आय बढ़ाने को लेकर बड़ा विजन पेश किया।

कार्यक्रम में नितिन गडकरी ने शिवराज सिंह चौहान की मांग पर रायसेन रिंग रोड और पूर्वी बायपास के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने, डीपीआर तैयार करने और पुलों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों को मंजूरी देने की घोषणा की। अन्य सड़क परियोजनाओं पर भी सहयोग का आश्वासन दिया गया।
नितिन गडकरी ने कहा कि अब खेती आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, सैटेलाइट डेटा, वेदर स्टेशन और नैनो यूरिया जैसी आधुनिक तकनीकों से जुड़ चुकी है। उन्होंने किसानों से इन तकनीकों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे लागत घटेगी और उत्पादन बढ़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में किसान केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि ऊर्जा, ईंधन और हाइड्रोजन दाता भी बनेगा, जिससे किसानों की आय के नए स्रोत खुलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

जल संरक्षण पर जोर देते हुए गडकरी ने “गांव का पानी गांव में” का संदेश दिया और कहा कि पानी को जमीन में संचित करना जरूरी है। उन्होंने डेयरी, मत्स्य पालन, कोल्ड स्टोरेज, प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन को किसानों की आय बढ़ाने के प्रमुख साधन बताया।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह महोत्सव समापन नहीं, बल्कि नई शुरुआत है। उन्होंने बताया कि बीज से बाजार तक का एक व्यापक रोडमैप तैयार किया गया है, जिसे जमीन पर उतारने के लिए टास्क फोर्स बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हर ब्लॉक में बीज ग्राम बनाए जाएंगे, दलहन और बागवानी का विस्तार किया जाएगा और क्षेत्र को हॉर्टिकल्चर हब के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही कस्टम हायरिंग सेंटर, मशीन बैंक, नर्सरी और कोल्ड स्टोरेज जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से फार्मर आईडी बनवाने की अपील करते हुए कहा कि इससे भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेना आसान होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

कार्यक्रम में किसानों को विभिन्न हितलाभ वितरित किए गए। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि, कृषि वैज्ञानिक और हजारों किसान मौजूद रहे।