वेतन वृद्धि की मांग को लेकन निजी कंपनी के कर्मचारियों का हिंसक प्रदर्शन, पुलिस की गाड़ी पलटी
- उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय
Political Trust
- April 13, 2026
- 0
- 45
- 1 minute read
नोएडा/पलवल। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में सोमवार को कई कंपनियों के कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। फेज 2 में कर्मचारियों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया और पथराव किया। फरीदाबाद, पलवल में भी कर्मचारी सड़कों पर उतर आए हैं। नोएडा में निजी कंपनी के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान आगजनी और तोड़फोड़ भी की गई। प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण व एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश पूरे मामले पर पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम से नजर रख रहे हैं। यूपी डीजीपी ने अराजक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि भड़काने वाले तत्वों की पहचान की जा रही है और बाहरी तत्वों को भी चिह्नित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौतमबुद्धनगर जिले में वेतन वृद्धि और बेहतर कामकाजी परिस्थितियों की मांग को लेकर निजी कंपनी के कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन ने सोमवार को उग्र रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने कई इलाकों में सड़कों को जाम कर दिया, सरकारी और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया और आगजनी की जिससे पूरे जिले में अफरा-तफरी का माहौल है। सुबह से ही शुरू हुए इस विरोध प्रदर्शन ने जल्द ही विकराल रूप ले लिया। सेक्टर 62 से सेक्टर 52 की ओर जाने वाले मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में आगजनी और तोड़फोड़ भी की गई है। पलवल के पृथला गांव स्थित साईं ऑटो कंपनी के कर्मचारियों ने सोमवार सुबह वेतन बढ़ोतरी और अन्य मांगों को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर जोरदार प्रदर्शन किया। करीब चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सड़क जाम कर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। सड़क जाम करने के कारण फरीदाबाद से पलवल की ओर जाने वाले मार्ग पर लंबा जाम लग गया। इसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
