एनबीसीसी-हडको गठबंधन से परिसंपत्ति मुद्रीकरण को मिली रफ्तार, दो एमओयू पर हस्ताक्षर

 एनबीसीसी-हडको गठबंधन से परिसंपत्ति मुद्रीकरण को मिली रफ्तार, दो एमओयू पर हस्ताक्षर

नई दिल्ली –एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (हडको) के बीच परिसंपत्ति मुद्रीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। 11 अप्रैल 2026 को दोनों संस्थाओं के बीच दो समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
यह समझौता हडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ और एनबीसीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. के. पी. महादेवास्वामी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। एमओयू पर हडको की ओर से राधा रॉय और भूषण कुमार तथा एनबीसीसी की ओर से प्रदीप शर्मा ने हस्ताक्षर किए।
इस समझौते के तहत नई दिल्ली के भीकाजी कामा प्लेस स्थित अगस्त क्रांति भवन के ब्लॉक नंबर 25 में लीजहोल्ड प्लॉट के पुनर्विकास के लिए हडको द्वारा वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। यह परियोजना एनबीसीसी के स्व-संधारणीय मॉडल के तहत संचालित होगी।
इस साझेदारी से एनबीसीसी की पुनर्विकास परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही, परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, लाभ मार्जिन में वृद्धि और परिसंपत्तियों के मूल्य संवर्धन में भी मदद मिलेगी।
दोनों संस्थाओं का मानना है कि इस गठबंधन से शहरी अवसंरचना के विकास को बल मिलेगा और परिसंपत्ति मुद्रीकरण की प्रक्रिया को नई दिशा मिलेगी।