रेलवे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: कई वरिष्ठ अधिकारियों को Level-16 में एम्पैनल, अहम पदों पर नियुक्तियां

 रेलवे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: कई वरिष्ठ अधिकारियों को Level-16 में एम्पैनल, अहम पदों पर नियुक्तियां

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने रेलवे प्रशासन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर अहम नियुक्तियां और एम्पैनलमेंट किए हैं। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने वर्ष 2026 के लिए रेलवे मंत्रालय के कई अधिकारियों को लेवल-16 (पे मैट्रिक्स) में शामिल करने को मंजूरी दी है।
जारी आदेश में मुख्य पैनल के तहत कई अनुभवी अधिकारियों को जगह दी गई है, जिनमें गितिका पांडेय, प्रेम सागर गुप्ता, पंकज शर्मा, आर. मोहनराजा, पी. अनंथ, निलमणि, रमन कृष्णन, राजीव श्रीवास्तव, डिम्पी गर्ग, मनीष अग्रवाल, रामाश्रय पांडेय, अनिल कुमार जैन और दिलीप कुमार सिंह प्रमुख हैं। इसके अलावा, संभावित रिक्तियों को ध्यान में रखते हुए विस्तारित पैनल भी तैयार किया गया है, जिसमें विवेक खरे, परमानंद शर्मा और शंभू शरण केडिया को शामिल किया गया है।
सरकार ने केवल एम्पैनलमेंट तक ही सीमित न रहते हुए कई अधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्त किया है। रामाश्रय पांडेय को पश्चिम रेलवे, मुंबई का जनरल मैनेजर बनाया गया है, जबकि राजीव श्रीवास्तव को सेंट्रल रेलवे, मुंबई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आर. मोहनराजा को रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली में सचिव नियुक्त किया गया है, जो नीति निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।
इसी क्रम में पी. अनंथ को साउथ वेस्टर्न रेलवे, हुब्बल्ली का जनरल मैनेजर बनाया गया है। दिलीप कुमार सिंह को वेस्ट सेंट्रल रेलवे, जबलपुर की कमान सौंपी गई है, जबकि रमन कृष्णन को मॉडर्न कोच फैक्ट्री, रायबरेली का जनरल मैनेजर नियुक्त किया गया है। गितिका पांडेय को रेलवे बोर्ड में एडिशनल मेंबर (प्लानिंग) की जिम्मेदारी दी गई है और अनिल कुमार जैन को साउथ ईस्टर्न रेलवे, कोलकाता का जनरल मैनेजर बनाया गया है।
इन नियुक्तियों को रेलवे के संचालन, प्रबंधन और नीतिगत कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। आदेश के अनुसार, सभी नियुक्तियां पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होंगी और अगले निर्देश तक लागू रहेंगी।