पश्चिम बंगाल में भाजपा ने घोषणा पत्र ‘भरोसे का पत्र’ जारी किया, सीएम ममता का पलटवार

 पश्चिम बंगाल में भाजपा ने घोषणा पत्र ‘भरोसे का पत्र’ जारी किया, सीएम ममता का पलटवार

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को अपना घोषणा पत्र ‘भरोसे का पत्र’ जारी करते हुए कई बड़े वादे किए हैं, जिनमें महिलाओं और युवाओं के लिए आर्थिक सहायता प्रमुख है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये  और बेरोजगार युवाओं को भी 3000 रुपये प्रतिमाह सहायता दी जाएगी। इसके अलावा पहले छह महीनों के भीतर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का वादा भी किया गया है। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में सरकारी कर्मचारियों को 45 दिनों के भीतर सातवां वेतनमान लागू करने, राज्य की नौकरियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने और 75 लाख ‘लखपति दीदी’ बनाने जैसे वादे भी शामिल किए हैं। साथ ही घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर करने, सरकारी जमीनों से कब्जा हटाने और उद्योगों को बढ़ावा देने की भी बात कही गई है।पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। नॉर्थ 24 परगना के टेंटुलिया में आयोजित रैली में उन्होंने कहा कि “सांप पर भी भरोसा किया जा सकता है, लेकिन भाजपा पर नहीं।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को स्थानीय लोगों के समर्थन पर भरोसा नहीं है।

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार राज्य में मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।