भारतीय नौसेना को फ्रंटलाइन गाइडेड प्रक्षेपास्त्र युद्धपोत ‘त्रिकंद’ मोम्बासा बंदरगाह पहुंचा

 भारतीय नौसेना को फ्रंटलाइन गाइडेड प्रक्षेपास्त्र युद्धपोत ‘त्रिकंद’ मोम्बासा बंदरगाह पहुंचा
नई दिल्ली। भारतीय नौसेना को फ्रंटलाइन गाइडेड प्रक्षेपास्त्र युद्धपोत ‘त्रिकंद’ मोम्बासा बंदरगाह पर पहुंचा है। यहां भारत ने 100 राइफल और करीब 50 हजार गोलियां केन्या को दी हैं। भारत केन्याई रक्षा बलों को एमआरआई मशीन भी मुहैया कराएगा। इसका उद्देश्य केन्या के बीच समुद्री सहयोग को सुदृढ़ करना व दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती देना है। नौसेना ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि युद्धपोत ‘त्रिकंद’ दक्षिण-पश्चिम हिन्द महासागर क्षेत्र में अपनी ऑपरेशनल तैनाती के तहत यहां आया है। यह दौरा पश्चिमी नौसैनिक कमान के कमांडर-इन-चीफ उप-नौसेनाध्यक्ष कृष्णा स्वामीनाथन की केन्या यात्रा के साथ हो रहा है।
भारतीय पोत के मोम्बासा प्रवास के दौरान यहां कई पेशेवर, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही भारतीय दल केन्या रक्षा बलों को महत्वपूर्ण सामग्री भी सौंप रहा है। भारतीय युद्धपोत के कमांडिंग अधिकारी अगले कुछ दिनों में केन्या की सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
इस यात्रा के दौरान भारत और केन्या के बीच उच्चस्तरीय रक्षा संवाद भी हुआ। भारत के उच्चायुक्त डॉ आदर्श स्वाइका और उप-नौसेनाध्यक्ष कृष्णा स्वामीनाथन ने केन्या के रक्षा सचिव डॉ पैट्रिक मरिरु से मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय बैठक में दोनों पक्षों ने सैन्य नेतृत्व के नियमित उच्चस्तरीय दौरों, संस्थागत बैठकों तथा बढ़ते रक्षा सहयोग की सराहना की। इसी दौरान, एक परियोजना के अंतर्गत केन्या रक्षा बलों को 1.5 टेस्ला क्षमता की एमआरआई मशीन प्रदान करने हेतु एक कार्यान्वयन समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।