माटुंगा रेलवे वर्कशॉप में भीषण आग, तीन घंटे में काबू
- Uncategorized राष्ट्रीय
Political Trust
- April 8, 2026
- 0
- 40
- 1 minute read
मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई स्थित मध्य रेलवे के ऐतिहासिक माटुंगा रेलवे वर्कशॉप में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां मरम्मत के लिए खड़ा एक वातानुकूलित (एसी)एलएचबी स्लीपर कोच धूं-धूं कर जल उठा। वेल्डिंग की एक मामूली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में धुएं का गुबार छा गया। हालांकि, रेलवे अधिकारियों और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा होने से बच गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जानकारी के अनुसार, आग मंगलवार को लगी। वर्कशॉप में खड़ी एलएचबी स्लीपर कोच से अचानक लपटें निकलने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि वर्कशॉप के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और युद्ध स्तर पर आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। गौरतलब है कि माटुंगा वर्कशॉप लगभग 100 साल पुराना है और यहाँ भारी संख्या में कोचों की मरम्मत होती है। ऐसे संवेदनशील स्थान पर वेल्डिंग के दौरान आग लगना सुरक्षा प्रोटोकॉल पर गंभीर सवाल खड़े करता है। हालांकि, इस बार त्वरित ‘रिस्पॉन्स’ ने एक बड़ी संपत्ति और जनहानि को बचा लिया।
