घर में शादी समारोह के लिए पूर्ति विभाग आवंटित करेगा एलपीजी सिलेंडर  

 घर में शादी समारोह के लिए पूर्ति विभाग आवंटित करेगा एलपीजी सिलेंडर  
गाजियाबाद। घर में शादी या कोई अन्य कार्यक्रम है और एलपीजी सिलेंडर की जरूरत है, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। जिला पूर्ति विभाग ने ऐसे आयोजनों के लिए व्यावसायिक सिलेंडर आवंटित करने की विशेष व्यवस्था की है। बता दें इन दिनों शादियों का सीजन होने के चलते विभाग के पास प्रतिदिन लगभग 25 आवेदन पहुंच रहे हैं।
ऐसे करें आवेदन
पूर्ति विभाग के अनुसार, शादी जैसे कार्यों के लिए प्रति माह 450 व्यावसायिक सिलेंडर का कोटा निर्धारित किया है। इसके लिए इच्छुक व्यक्ति को जिला पूर्ति कार्यालय में बनाए गए विशेष पटल पर आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ जरूरी विवरण देना अनिवार्य है। इसमें आवेदन पत्र के साथ शादी या कार्यक्रम का कार्ड लगाना आवश्यक है। इसी के साथ आवेदन में मेहमानों की अनुमानित संख्या, हलवाई या कैटरर्स का नाम और कार्यक्रम की तिथि का स्पष्ट उल्लेख करना होगा।
पड़ताल के बाद आवंटन
आवेदन मिलने के बाद विभाग द्वारा उसकी जांच की जाएगी। मांग के अनुसार सिलेंडर सीमित मात्रा में उपलब्ध कराए जाएंगे। उदाहरण के लिए, यदि 20 सिलेंडर की मांग करते हैं, तो विभाग आवश्यकता के अनुसार 10 सिलेंडर ही आवंटित कर सकता है।
व्यावसायिक कनेक्शन लेना अनिवार्य
जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि ये सिलेंडर केवल व्यावसायिक कनेक्शन पर ही मिलेंगे। नए व्यावसायिक कनेक्शन के लिए आवेदक को 2400 रुपये की सिक्योरिटी फीस जमा करनी होगी। सिलेंडर आवंटित होने के बाद आपको अपनी नजदीकी गैस एजेंसी से कनेक्शन लेना होगा। कार्यक्रम संपन्न होने और सभी सिलेंडर  वापस करने के बाद सिक्योरिटी फीस वापस मिल जाएगी और वह कनेक्शन स्वतः सरेंडर हो जाएगा।
सिलेंडर की कीमत
19 किग्रा वाले व्यावसायिक सिलेंडर की वर्तमान कीमत 2080.50 रुपये निर्धारित है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आवेदनों की गहन जांच के बाद ही सिलेंडर जारी किए जाएंगे ताकि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या दुरुपयोग न हो सके।