ईरान ने अमेरिका को दिया बड़ा झटका, दो लड़ाकू विमान मार गिराए

 ईरान ने अमेरिका को दिया बड़ा झटका, दो लड़ाकू विमान मार गिराए
तेहरान। ईरान ने अमेरिका को बड़ा झटका दिया है। एक ही दिन में ईरान द्वारा दो अमेरिकी लड़ाकू विमानों के गिराए जाने की घटना ने पश्चिम एशिया में संकट को और गहरा दिया है। घटनाओं के बाद एक लापता अमेरिकी पायलट की खोज तेज कर दी गई है, जो दुश्मन क्षेत्र में छिपा हुआ बताया जा रहा है। यह घटनाक्रम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों के उलट है कि यूएस का ईरान के आसमान पर कब्जा हो गया है।
ईरानी सेना ने एक अमेरिकी F-15E लड़ाकू जेट को गोलाबारी में मार गिराया। दो पायलट वाले इस विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि दोनों देशों के अधिकारियों ने की है। घटना के बाद एक पायलट को बचा लिया गया है, जबकि दूसरा अभी भी लापता है। दूसरे पायलट की तलाश की जा रही है।
कुवैत के ऊपर A-10 विमान दुर्घटनाग्रस्त
एक अलग घटना में एक अमेरिकी A-10 वारथोग अटैक एयरक्राफ्ट कुवैत के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, विमान के पायलट ने सुरक्षित रूप से इजेक्ट कर लिया और उसे बाद में बचा लिया गया। एक के बाद एक हुई इन दो घटनाओं ने संघर्ष की शुरुआत के बाद अमेरिकी वायु सेना को लगे सबसे बड़े झटकों में से एक को बना दिया है।
बचाव मिशन पर भी हमला
F-15E लड़ाकू विमान के लापता पायलट का पता लगाने के प्रयास बेहद खतरनाक साबित हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खोज और बचाव मिशन के लिए तैनात दो अमेरिकी ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टरों पर भी ईरानी गोलाबारी हुई। हालांकि वे ईरानी हवाई क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। आशंका जताई गई है कि ये दो हेलीकॉप्टर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।