दरोगा ने फॉर्च्यूनर के लिए पत्नी को जहर दिया, हालत गंभीर

 दरोगा ने फॉर्च्यूनर के लिए पत्नी को जहर दिया, हालत गंभीर
आगरा। ताजनगरी के थाना न्यू आगरा में तैनात एक दरोगा पर अपनी ही पत्नी को जहर देकर जान से मारने की कोशिश करने का सनसनीखेज आरोप लगा है। पीड़ित महिला का आरोप है कि शादी में 1 करोड़ रुपये खर्च करने और स्कॉर्पियो गाड़ी देने के बावजूद दरोगा पति फॉर्च्यूनर और फ्लैट की मांग को लेकर लगातार मारपीट करता था। विवाद बढ़ने पर आरोपी दरोगा ने पत्नी को जहर पिला दिया और उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग निकला।
1 करोड़ के खर्च के बाद भी ‘लालच’ बरकरार:
फरीदाबाद के वल्लभगढ़ की रहने वाली मीनाक्षी की शादी 21 अप्रैल 2021 को बदायूं निवासी लोकेश भाटी से हुई थी, जो वर्तमान में आगरा के न्यू आगरा थाने में दरोगा है। मीनाक्षी के अनुसार, उसके पिता ने शादी में करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किए थे, लेकिन लोकेश का लालच कम नहीं हुआ। वह आए दिन फॉर्च्यूनर कार और एक आलीशान फ्लैट की डिमांड करता था। रविवार दोपहर जब मीनाक्षी ने असमर्थता जताई, तो लोकेश ने उसके साथ मारपीट की और जबरन जहर पिला दिया।
पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जब उसने इस मामले की शिकायत लोकेश के ही थाने के SHO योगेश से की, तो मदद के बजाय उसे धमकाया गया। आरोप है कि थाना प्रभारी ने कहा, “तुम पुलिस वालों का कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी, क्यों उसकी नौकरी के पीछे पड़ी हो।” यही नहीं, मीनाक्षी ने दरोगा के भाई पर भी छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं।
दूसरी ओर, आरोपी दरोगा लोकेश भाटी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उसका कहना है कि ड्यूटी से देरी से आने पर केवल मामूली कहासुनी हुई थी, जिसके बाद पत्नी ने खुद कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। फिलहाल पीड़िता का इलाज चल रहा है और मायके पक्ष ने पुलिस कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाई है।