जनता के आशीर्वाद से पीएम बनने की हैट्रिक पूरी की, अब असम में भाजपा-एनडीए की जीत की हैट्रिक: प्रधानमंत्री मोदी

 जनता के आशीर्वाद से पीएम बनने की हैट्रिक पूरी की, अब असम में भाजपा-एनडीए की जीत की हैट्रिक: प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बुधवार को असम के दौरे पर हैं। पीएम मोदी यहां भाजपा के चुनाव प्रचार को मजबूती देने के लिए दो बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी की पहली रैली धेमाजी जिले के गोगामुख में होगी। वह सुबह करीब 11 बजे यहां जनता को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह विश्वनाथ जिले के लिए रवाना होंगे, जहां दोपहर एक बजे उनकी दूसरी जनसभा होनी है। पार्टी सूत्रों ने जानकारी दी है कि इन दोनों कार्यक्रमों में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और राज्य सरकार के मंत्री भी शामिल होंगे।
पहली रैली में प्रधानमंत्री धेमाजी सीट से चुनाव लड़ रहे राज्य मंत्री रनोज पेगू और ढकुआखाना सीट से उम्मीदवार नबा कुमार डोले के पक्ष में वोट देने का आवाहन करेंगे। इसके बाद वे विश्वनाथ जिले की बेहाली में होने वाली दूसरी रैली में भाजपा उम्मीदवार और पूर्व मंत्री पल्लव लोचन दास के समर्थन में प्रचार करेंगे। एक अधिकारी ने बताया कि रैली स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और कार्यक्रमों को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय बलों और राज्य पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।
अपनी इस असम यात्रा के दौरान पीएम मोदी सुबह डिब्रूगढ़ पहुंचे और चाय के बागान में काम करने वाली महिलाओं से बातचीत की। इसका अनुभव साझा करते हुए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स लिखा, ‘चाय असम की आत्मा है! यहां की चाय पूरी दुनिया में मशहूर है। आज सुबह डिब्रूगढ़ में, मैं एक चाय बागान में गई और वहां काम करने वाली महिलाओं से बातचीत की। यह एक बेहद यादगार अनुभव था।’
इसके बाद पीएम अपनी पहली रैली को संबोधित करने के पहुंचे। यहां उन्होंने कहा, असम के चुनाव की घोषणा के बाद ये मेरी पहली जनसभा है। उन्होंने कहा कि लोगों की यह भारी भीड़ तीसरी बार जीत का पक्का सबूत है। प्रधानमंत्री ने बताया कि जनता के आशीर्वाद से उन्होंने प्रधानमंत्री बनने की हैट्रिक पूरी की है। अब असम में भी भाजपा-एनडीए की जीत की हैट्रिक लगेगी।